सुल्तानपुर/लखनऊ : पश्चिमी यूपी में अपनी अलग धाक रखने वाले किसान नेता राकेश टिकैत एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने सुल्तानपुर पहुंचे। जहां से निकलने के बाद वह लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस पहुंचे जहां पर मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने बिहार में चुनाव आयोग के एसआईआर (SIR) का समर्थन करते हुए यूपी की पूर्व सीएम मायावती को नम्बर एक सीएम बताया।
इस दौरान उन्होंने बिहार में एसआईआर का समर्थन करते हुए कहा कि जो बाहर का होगा उसे दिक्कत होगी, जो वहां का है, उसे कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जो सरकार के खिलाफ बोलता है। सरकार उसको तवज्जो कहां देती है।
योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर किसान नेता राकेश टिकैत ने तंज कसते हुए कहा कि मायावती किसानों के लिए नंबर वन मुख्यमंत्री थीं। उन्होंने गन्ना किसानों के लिए बेहतर कार्य किया था। बाबा भी किसानों के लिए बेहतर कार्य करके नंबर वन बनें। वहीं, ओवैसी द्वारा सदन में सरकार को कटघरे में खड़ा करने के सवाल पर राकेश टिकैत ने कहा कि वह उन्हीं का आदमी है। ओवैसी जैसे लोगों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।
प्रियंका गांधी के ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाए जाने पर राकेश टिकैत ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पर हाउस में बहस चल रही है। सरकार को उसे पर जवाब देना है कि सरकार ने इतनी बड़ी घटना पर क्या किया। वहीं, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर किसान नेता राकेश टिकैत ने सवाल उठते हुए कहा जैसे लोग नौकरी में छुट्टी में लेते हैं वैसे ही इनसे इस्तीफा लिया गया, जिसका रिटायरमेंट होता है उसकी भी फेयरवेल पार्टी होती है और विदाई भाषण देता है। वहीं, सरकार से किसानों की मांग पर राकेश टिकैत ने कहा कि एमएसपी गारंटी कानून देश में आना चाहिए। बिजली को प्राइवेट नहीं होना चाहिए।