कुलगाम में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 3 आतंकी ढेर
कुलगाम में सुरक्षाबलों को कामयाबी, दहशतगर्दों की खोज में अभियान जारी
जम्मू : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षा बलों ने अब तक तीन आतंकवादियों को मार गिराया है। जबकि बचे हुए आतंकियों की तलाश की जा रही है। चिनार कॉर्प्स भारतीय सेना ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि सुरक्षा बलों ने अब तक तीन आतंकवादियों को मार गिराया है। ऑपरेशन जारी है।
पुंछ सेक्टर में भी हुई थी गोलीबारीइस बीच, सेना की व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि 30 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर मुठभेड़ शुरू हो गई थी जब भारतीय सेना के जवानों ने सीमा बाड़ के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। अधिकारियों के अनुसार, नियंत्रण रेखा पर निगरानी रख रहे सैनिकों ने पुंछ सेक्टर के सामान्य क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में दो व्यक्तियों की गतिविधियां देखीं।
सैनिकों द्वारा चुनौती दिए जाने पर संदिग्ध आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सेना ने भी त्वरित जवाबी कार्रवाई की। व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने X पर एक पोस्ट में कहा था कि व्हाइट नाइट कॉर्प्स का आतंकवादियों से संपर्क हुआ। पुंछ सेक्टर के जनरल इलाके में बाड़ के पास हमारे सैनिकों ने दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियां देखीं थी।
शनिवार को सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराने में सफलता हासिल की है। बता दें कि यह घाटी में पिछले पांच दिनों में दूसरा ऑपरेशन है। इससे पूर्व श्रीनगर के दाछीगाम में एक ऑपरेशन के दौरान लश्कर के कमांडर सहित तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया गया।