Breaking News
'भाजपा के साथ किसी तरह का गठबंधन नहीं', मायावती ने साफ की सभी अटकलें
Aug 06 2025

'भाजपा के साथ किसी तरह का गठबंधन नहीं', मायावती ने साफ की सभी अटकलें

सत्तारूढ़ BJP के साथ किसी भी गठबंधन या समझौते से इनकार

लखनऊ : पिछला विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने वाली बसपा अगले चुनावों के लिए भी फिलहाल अकेले मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। एक यूट्यूब चैनल द्वारा बसपा के भाजपा के साथ जाने संबंधी शीर्षक से चलाई गई खबर को बसपा प्रमुख मायावती ने राजनीतिक साजिश करार दिया है।

उन्होंने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि बसपा न तो भाजपा के एनडीए गठबंधन के साथ है, न ही कांग्रेस के इंडी गठबंधन के साथ है और न ही अन्य किसी फ्रंट के साथ, बल्कि इन दोनों व अन्य और किसी भी जातिवादी गठबंधनों से अलग अपनी 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' के आंबेडकरवादी सिद्धांत व नीति पर चलने वाली पार्टी है।

मायावती ने लिखा कि दलित, आदिवासी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विरोधी व इन वर्गों के प्रति जातिवादी मानसिकता रखने वाले कुछ मीडिया समूह पार्टी की इमेज को बीच-बीच में धूमिल करने एवं राजनीतिक नुकसान पहुंचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ते हैं। पार्टी को लगातार अपने लोगों को इनसे सतर्क करते रहने की जरूरत पड़ती रहती है।

हाल में एक समाचार समूह ने अपने यूट्यूब चैनल पर ‘भाजपा के साथ आ गई मायावती, कर दिया बड़ा ऐलान?’ शीर्षक से गलत, तथ्यहीन खबर चलाई है, जबकि उसके भीतर न्यूज में कुछ और है। पार्टी की इमेज को, खासकर चुनाव के पूर्व आघात पहुंचाने का घिनौना प्रयास किया गया है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। चैनल को इसके लिए माफी भी जरूर मांगनी चाहिए।

अपने कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए मायावती ने कहा कि पार्टी के लोगों से यह विशेष आग्रह है कि वे किसी के भी बहकावे में ना आएं, क्योंकि जातिवादी तत्व अपने आंबेडकरवादी कारवां को कमजोर करने के घिनौने षडयंत्र में हमेशा किसी ना किसी रूप में लगे रहते हैं।

अन्य प्रमुख खबरे

उत्तर प्रदेश

Electro Homeo News

National Federation of electro Homeopathic organization's New Delhi Council of electro Homeopathic system of Medicine
read more ...

© Electrohomeonews. All Rights Reserved. Designed by Electro Homeo News Team