मिस टीन अर्थ-2025 की फाइनलिस्ट बोली ‘इट्स अमेजिंग’!
आगरा : मिस टीन अर्थ-2025 की फाइनलिस्ट 11 देशों की सुंदरियों ने गुरुवार को ताजमहल का दीदार किया। स्मारक में रॉयल गेट से प्रवेश के बाद ताजमहल नजर आते ही वह स्मारक की सुंदरता पर मोहित होकर वह वाह ताज..., वंडरफुल..., इट्स अमेजिंग... कह उठीं।
वीडियो प्लेटफार्म के साथ ही सेंट्रल टैंक पर उन्होंने नमस्ते इंडिया के पोज में फोटो शूट कराया। ताजमहल के इतिहास और वास्तुकला को जानने में उन्होंने काफी दिलचस्पी ली।
मिस टीन अर्थ-2025 की फाइनलिस्ट भारत, स्पेन, मैक्सिको, फिलीपींस, नेपाल, नीदरलैंड, वियतनाम, कनाडा, कंबोडिया, क्यूबा व श्रीलंका की सुंदरियां गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे ताजमहल पहुंचीं। मिस यूनिवर्स इंडिया के आनर निखिल आनंद उनके साथ रहे।
स्मारक के इतिहास, वास्तुकला, पच्चीकारी, शाहजहां व मुमताज के बारे में जानने में उन्होंने रुचि दिखाई। भारतीयता के रंग में रंगी सुंदरियों ने सेंट्रल टैंक पर नमस्ते इंडिया के पोज में फोटो खिंचवाए।
मिस टीन अर्थ-2025 की भारतीय प्रतिभागी खुशी यादव ने कहा कि, जिंदगी में एक बार हर इंसान को ताजमहल जरूर देखना चाहिए। ताजमहल देखने के बाद वह आश्चर्यचकित हैं। अन्य सुंदरियों ने कहा कि, विश्व टूर के बाद ताजमहल को देखने के बाद वह यह दावे के साथ कह सकती हैं कि यह दुनियाभर में अद्भुत कलाकारी व प्रेम का अनोखा नमूना है। वह जहां भी जाएंगी, लोगों को ताजमहल के बारे में बताएंगी।