अफगानिस्तान में था केंद्र, रिक्टर स्केल पर 6.2 तीव्रता दर्ज
नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली तक शनिवार की शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। आम लोग भूकंप की वजह से अपने घरों से बाहर निकल आए। जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था। वहीं भूकंप की तीव्रता 6.2 दर्ज की गई है। भूकंप की गहराई 215 किमी गहराई में दर्ज की गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार की शाम 7 बजकर 4 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए।
शनिवार शाम 7:05 बजे अफगानिस्तान के कालाफगन से करीब 81 किलोमीटर दूर 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा के पास था। इसकी गहराई 192 किलोमीटर दर्ज की गई, जिसके कारण इसके झटके दूर-दूर तक महसूस किए गए।
कश्मीर से लेकर दिल्ली एनसीआर में कंपी धरती
भूकंप का असर भारत, पाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन, अफगानिस्तान और किर्गिस्तान तक देखा गया। भारत में जम्मू-कश्मीर, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया।
घरों से बाहर निकले लोग
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामुला, कुपवाड़ा और जम्मू सहित कई इलाकों में हल्के से मध्यम झटके महसूस होने के बाद लोग एहतियातन घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। वहीं, दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम में भी कुछ सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।