देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में चार जुलाई से सात दिवसीय 'सेवा सप्ताह' शुरू होगा। अभियान का शुभारंभ ऋषिकेश स्थित आइडीपीएल मैदान में आयोजित वृहद बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर से होगा, जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
शिविर में सरकारी योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य सेवाएं और जन शिकायतों के निस्तारण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने आइडीपीएल मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि ऋषिकेश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए दून के साथ हरिद्वार और टिहरी से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए तीनों जिलों के विभागीय अधिकारी शिविर में मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे, जहां पात्र लोगों के आयुष्मान सहित अन्य सरकारी योजनाओं के कार्ड बनाए जाएंगे। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से स्वास्थ्य जांच और पुरानी बीमारियों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर का उद्देश्य लोगों को त्वरित लाभ और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना होना चाहिए।
कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।