कहा - नवंबर नहीं सितंबर में ही करा लें चुनाव, हम तैयार हैं!
लखनऊ: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को जल्दी चुनाव कराने की चुनौती दी है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अयोध्या में आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी की बात गांव-गांव और घर-घर पहुंच गई है।
अब भाजपा को न चंदा मिलेगा, न दान और न वोट मिलेगा। प्रभु श्रीराम इन्हें माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि ये लोग नवंबर में चुनाव की बात कर रहे हैं, हम कह रहे हैं सितंबर में चुनाव करा लें, हम पूरी तरह तैयार हैं।
गुरूवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में अयोध्या के पंच प्रमुख मंदिर राम निवास धाम के हरिशंकर सफारीवाला ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर उनके 1987 के पंजीकृत मंदिर और वहां के दान, मूर्तियों आदि को हड़पने का आरोप लगाया। कहा कि इसकी शिकायत पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद सपा प्रमुख ने कहा कि हरिशंकर सफारीवाला की बात और उनकी मांगों की चर्चा भी राममंदिर के चढ़ावा चोरी की तरह होगी, इन्हें न्याय मिलेगा।
भाजपा ने उत्तर प्रदेश को ‘फ्रॉड प्रदेश’ बना दिया है: अखिलेश
सपा प्रमुख ने कहा कि श्रीराम मंदिर के चढ़ावे का मामला बहुत बड़ा हो सकता है। अभी तो गुप्त दान का कोई हिसाब-किताब ही नहीं है। भाजपा सरकार ने अयोध्या में जमीन के मुआवजे में भेदभाव किया। वहां के लोगों ने सरयू नदी में खड़े होकर भाजपा को वोट नहीं देने की कसम खाई थी।
अभी तो गुप्त दान का कोई हिसाब किताब ही नहीं
समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि मर्यादा का पहला नाम प्रभु श्री राम और दूसरा नाम संविधान। आस्था से खिलवाड़ किया है और अब लोकतंत्र से भी खिलवाड़ करने की तैयारी चल रही है। अभी तो गुप्त दान का कोई हिसाब किताब ही नहीं है।
दिल्ली-देहरादून हाईवे से जुड़े प्रश्न पर कहा कि भाजपा सरकार गुणवत्ता से समझौता करती है। हर योजना भ्रष्टाचार के लिए बनाई जाती है। देहरादून-दिल्ली हाईवे तो ताजा उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने जब बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था, तभी उसमें गड्ढे हो गये थे।
गंगा-एक्सप्रेसवे में भी कमियां मिल रही हैं। साइबर अपराध बढ़ने के प्रश्न पर सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को ‘फ्रॉड प्रदेश’ बना दिया है। जहां भगवान का चढ़ावा तक चोरी हो जाता हो, वहां न जाने कितने जालसाज घूम रहे होंगे। पूरे देश में सबसे ज्यादा साइबर फ्रॉड उत्तर प्रदेश में ही हो रहे हैं।
इससे पहले पीलीभीत से छह अप्रैल से शुरू हुई समाजवादी सिख सामाजिक न्याय यात्रा का पार्टी मुख्यालय पर समापन हुआ। सपा प्रमुख ने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। इनको बचाने की जिम्मेदारी सिखों और किसानों पर है। सपा सरकार बनने पर उनकी जमीनों की रक्षा करने सहित अन्य मांगों को पूरा किया जाएगा।