Breaking News
नए सेना प्रमुख द्वारा रक्षा मंत्री राजनाथ से की मुलाकात
थलसेना के नए प्रमुख जनरल धीरज सेठ की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट
Jul 03 2026

नए सेना प्रमुख द्वारा रक्षा मंत्री राजनाथ से की मुलाकात

भारतीय सेना की परिचालन तैयारियों और आधुनिकीकरण पर चर्चा!

नई दिल्ली: भारतीय थलसेना के नए प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रक्षा मंत्रालय में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की। एक जुलाई को 31वें सेना प्रमुख का कार्यभार संभालने के बाद जनरल धीरज सेठ की रक्षा मंत्री से हुई यह पहली मुलाकात रही। इस बैठक के दौरान जनरल सेठ ने भारतीय सेना के लिए अपनी योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया।

सेना प्रमुख व रक्षा मंत्री के बीच भारतीय सेना की वर्तमान परिचालन तैयारियों, सीमाओं पर सुरक्षा स्थिति, सेना के आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा प्रणालियों को बढ़ावा देने तथा भविष्य की चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत हुई।

भारतीय सेना की कमान संभालने के साथ बुधवार को जनरल सेठ ने ‘विजय’ नामक अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया था। उनका लक्ष्य भारतीय सेना को अत्याधुनिक तकनीक से लैस, भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना और बहु क्षेत्रीय युद्धक्षेत्र में प्रभावी ढंग से संचालन करने वाली सेना के रूप में विकसित करना है।

'विजय' विजन पेश
बता दें कि जनरल धीरज सेठ ने हाल ही में भारतीय थलसेना की कमान संभाली है. पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने बुधवार को 'विजय' नामक अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है. उनका लक्ष्य भारतीय सेना को अत्याधुनिक तकनीक से लैस, भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार और बहु-क्षेत्रीय युद्धक्षेत्र में प्रभावी ढंग से संचालन करने वाली सेना के रूप में विकसित करना है.

नई प्राथमिकताएं तय
उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकताओं में सेना में आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग, एआई-आधारित क्षमताओं का विस्तार, स्वदेशी रक्षा उद्योग को प्रोत्साहन, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा साथ ही तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता को और मजबूत करना शामिल है. उनका मार्गदर्शक मंत्र 'जय से विजय' है. ये संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार के माध्यम से सैन्य क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संदेश देता है.

रणनीतिक संकेत
रक्षा मंत्रालय में हुई ये शिष्टाचार भेंट ऐसे समय में हुई है, जब भारत अपनी सैन्य क्षमताओं को तेजी से आधुनिक बना रहा है. बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य के अनुरूप सशस्त्र बलों के व्यापक आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है. ऐसे में रक्षा मंत्री और नए थलसेना प्रमुख के बीच यह मुलाकात आने वाले समय में भारतीय सेना की रणनीतिक दिशा और प्राथमिकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

सेना प्रमुख बने
जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के नए सेना प्रमुख हैं. इससे पहले वह सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत थे. उन्होंने 30 जून, 2026 को सेना प्रमुख का कार्यभार संभाला है. उन्होंने सेना में रेगिस्तानी क्षेत्र से लेकर जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं. निवर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, पीवीएसएम, एवीएसएम मंगलवार 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए थे.

कर्तव्य सर्वोपरि
इसके उपरांत जनरल धीरज सेठ ने भारतीय सेना के 31वें थलसेना प्रमुख के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया है. यह पद ग्रहण करने पर उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व और विनम्रता का विषय है. उन्होंने 'कर्तव्य, सम्मान और राष्ट्र सर्वोपरि' के सिद्धांतों के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संकल्प व्यक्त किया है.

अन्य प्रमुख खबरे

उत्तर प्रदेश

Electro Homeo News

National Federation of electro Homeopathic organization's New Delhi Council of electro Homeopathic system of Medicine
read more ...

© Electrohomeonews. All Rights Reserved. Designed by Electro Homeo News Team