तीनों को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से दबोचा
देहरादून (उत्तराखण्ड) : सहसपुर के बैरागीवाला में बहुचर्चित हत्याकांड में कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने भाजपा नेता विनोद हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमन और दो अन्य आरोपी सावेज व आजम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार रात को तीनों को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से दबोचा। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
बैरागीवाला गांव में 13 जून को पुरानी रंजिश के बीच खेत में पानी छोड़ने को लेकर विवाद भड़क गया था। आरोप है कि बैरागीवाला के अमन, रज्जाक, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इंतेजार समेत अन्य लोगों ने भाजपा नेता विनोद, उनके भाई अशोक और राजेश पर हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हरबर्टपुर स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान विनोद की मौत हो गई थी। एक पक्ष हिंदू और दूसरा मुस्लिम होने के कारण विवाद ने सांप्रदायिक रंग ले लिया था।
घटना के अगले दिन गांव में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हो गए थे। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा हुआ और भीड़ ने एक आरोपी के मकान में आग लगा दी थी।
इस दौरान पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसके बाद हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बाद में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान और दो दुकानों को ध्वस्त कराया था। साथ ही गांव में चिह्नित अन्य अवैध अतिक्रमणों पर भी बुलडोजर चलाया गया था।