Breaking News
पिथौरागढ़ के यश खाती का 48 लाख के पैकेज पर अमेजन में चयन पर बधाई
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
Jul 06 2026

पिथौरागढ़ के यश खाती का 48 लाख के पैकेज पर अमेजन में चयन पर बधाई

बेंगलुरु की बहुराष्ट्रीय कंपनी में पर जिले भर में खुशी की लहर

देहरादून/पिथौरागढ: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के एक युवा ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसने पूरे जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। गंगोलीहाट क्षेत्र की ग्राम सभा चौली निवासी 22 वर्षीय यश सिंह खाती का चयन बेंगलुरु स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी अमेज़न में 48 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर हुआ है। उनकी इस सफलता की चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है और उन्हें लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं।

बचपन से रहे मेधावी छात्र
यश सिंह खाती के पिता जगत सिंह खाती पिथौरागढ़ के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष होने के साथ मिशन इंटर कॉलेज में शिक्षक भी रह चुके हैं। उनकी माता कविता खाती वर्तमान में गंगोत्री गरव्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। शिक्षा और अनुशासन से जुड़े पारिवारिक माहौल का असर यश की पढ़ाई पर भी साफ दिखाई दिया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पिथौरागढ़ के प्रतिष्ठित डॉन बॉस्को विद्यालय से प्राप्त की। स्कूल जीवन से ही वे पढ़ाई में अव्वल रहे और 12वीं की परीक्षा 97 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

बीटेक के दौरान मिला बड़ा मौका
स्कूल शिक्षा पूरी करने के बाद यश ने देहरादून के एक मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई शुरू की। पढ़ाई के अंतिम चरण में उन्हें अमेज़न में छह महीने की इंटर्नशिप करने का अवसर मिला। इंटर्नशिप के दौरान उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, तकनीकी दक्षता और कार्यशैली से कंपनी बेहद प्रभावित हुई। इसी आधार पर अमेज़न ने उन्हें प्री-प्लेसमेंट ऑफर देते हुए 48 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति का प्रस्ताव दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

परिवार और जिले के लिए गर्व का पल
यश की सफलता केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह पूरे पिथौरागढ़ और उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। सीमांत क्षेत्र से निकलकर देश की अग्रणी बहुराष्ट्रीय कंपनी में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना इस बात का उदाहरण है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।

मुख्यमंत्री समेत कई हस्तियों ने दी बधाई
यश सिंह खाती की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।यश के नाना और भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक माधो सिंह बोरा ने भी नाती की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इसके अलावा डॉन बॉस्को विद्यालय के फादर और सिस्टर्स, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, राकेश देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह वल्दिया, नरेंद्र सिंह भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने यश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

युवाओं के लिए प्रेरणा
यश सिंह खाती की उपलब्धि यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और अवसर मिलने पर पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन किया जाए, तो छोटे शहरों और सीमांत क्षेत्रों के युवा भी वैश्विक स्तर की कंपनियों में अपनी पहचान बना सकते हैं। उनकी सफलता निश्चित रूप से उत्तराखंड के हजारों विद्यार्थियों के लिए नई प्रेरणा बनेगी।

 

अन्य प्रमुख खबरे

उत्तर प्रदेश

Electro Homeo News

National Federation of electro Homeopathic organization's New Delhi Council of electro Homeopathic system of Medicine
read more ...

© Electrohomeonews. All Rights Reserved. Designed by Electro Homeo News Team